IMG-20251013-WA0049

नारायण डोंगर में नक्सली कैंप ध्वस्त, मंगलवार सुबह पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

नारायण डोंगर में नक्सली कैंप ध्वस्त, मंगलवार सुबह पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नारायण डोंगर में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों ने नक्सली कैंप ध्वस्त किया। टिफिन बम, डेटोनेटर और जिलेटिन बरामद।

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर एक बार फिर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह नुआपाड़ा जिले के सीनापाली थाना क्षेत्र के नारायण डोंगर में नक्सलियों द्वारा संचालित एक कैंप को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। यह स्थान गरियाबंद जिले के इंदिरा गांव थाने से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर है।

ओडिशा पुलिस की डीवीएफ (Distinguished Voluntary Force) को नारायण डोंगर के जंगलों में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद मंगलवार की सुबह पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया एक अस्थायी कैंप मिला, जहां से दो टिफिन बम (आईईडी), जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई।

नक्सली कार्रवाई के पहले ही कैंप से फरार हो गए थे। पुलिस का मानना है कि वे किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

नुआपाड़ा एसपी जी आर राघवेंद्र ने बताया कि यह ऑपरेशन संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए नक्सलियों की साजिश को नाकाम कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही पुलिस अब आस-पास के क्षेत्रों में भी गश्त और सर्चिंग तेज कर रही है।