Top News

गरियाबंद में प्रशासन का बड़ा एक्शन! 9 पटवारी निलंबित, गिरदावरी और नक्शा-बटांकन में लापरवाही पर गिरी गाज


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के चलते गरियाबंद जिले के 9 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले में गिरदावरी, नक्शा और बटांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान संबंधित पटवारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। कार्यों में लगातार लापरवाही और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की है।

लगातार नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

प्रशासन की ओर से संबंधित पटवारियों को पहले भी कार्यों में तेजी लाने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे थे। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अब निलंबन जैसी कार्रवाई की गई है। वहीं, पटवारियों की हड़ताल से वापस लौटकर काम पर उपस्थित होने के संबंध में भी नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अपर कलेक्टर ने दी कार्रवाई की जानकारी

इस संबंध में गरियाबंद के अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने बताया कि कार्यों में लापरवाही और गिरदावरी, नक्शा एवं बटांकन में प्रगति नहीं होने के कारण 9 पटवारियों को निलंबित किया गया है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को लगातार नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में तेजी लाने और शासकीय जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Previous Post Next Post