गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ जिले में तेज हवा, तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच जोबा और उर्तुली के बीच सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ के सड़क पर आ जाने से पूरा रास्ता बंद हो गया और वाहनों की आवाजाही थम गई। बारिश के बीच रास्ता बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रास्ता बंद होने की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 टीम को दी। सूचना मिलते ही आरक्षक क्रमांक 515 कृष्ण कुमार राय और चालक रामानंद निषाद तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
बारिश के बीच खुद संभाली जिम्मेदारी
मौके पर पहुंची 112 टीम ने देखा कि विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिरा हुआ था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित था। स्थिति को देखते हुए टीम ने केवल संबंधित विभाग का इंतजार करने के बजाय तत्काल रास्ता खुलवाने की पहल की।
ग्रामीणों के सहयोग से कुल्हाड़ी की व्यवस्था की गई, जिसके बाद आरक्षक कृष्ण कुमार राय और चालक रामानंद निषाद ने पेड़ की डालियों और तने को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू किया। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद टीम ने काफी देर तक मशक्कत की।
पेड़ हटते ही फिर शुरू हुआ आवागमन
लगातार प्रयास के बाद सड़क से पेड़ को हटाकर रास्ता क्लियर कराया गया। इसके बाद जोबा-उर्तुली मार्ग पर आवागमन फिर से सुचारू हो गया। रास्ता खुलने से वहां फंसे राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
तूफान और बारिश के बीच मौके पर पहुंचकर सड़क खुलवाने में डायल 112 के आरक्षक क्रमांक 515 कृष्ण कुमार राय और चालक रामानंद निषाद की भूमिका अहम रही। टीम की तत्परता से बंद सड़क को जल्द ही आवागमन के लिए बहाल कराया जा सका।


