Top News

सिकासार जलाशय में 89.32% जलभराव, 12 गेट 3 फीट खुले; 34 हजार क्यूसेक पानी की आवक

लगातार बारिश के बीच जलाशय में बढ़ा पानी, वर्तमान जल प्रवाह 20 हजार क्यूसेक; गरियाबंद जिला प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़

गरियाबंद_जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सिकासार जलाशय की स्थिति पर जल संसाधन विभाग ने 25 सितंबर 2026 की स्थिति जारी की है। आंकड़ों के अनुसार जलाशय में वर्तमान में 179.28 MCM पानी उपलब्ध है, जो कुल भंडारण क्षमता का 89.32 प्रतिशत है।

सिकासार जलाशय की कुल भंडारण क्षमता 198.82 MCM है। वर्तमान जल स्तर 1330.00 फीट दर्ज किया गया है। जलाशय में इस समय 34,000 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि जलाशय से 20,000 क्यूसेक पानी का प्रवाह जारी है।

12 गेट खोले गए

बढ़ती आवक को देखते हुए सिकासार जलाशय के वेस्ट वियर के 12 गेट खोले गए हैं। प्रत्येक गेट को 3 फीट तक खोला गया है। लगातार बारिश और जलाशय में पानी की आवक को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा निगरानी रखी जा रही है।

गरियाबंद और धमतरी को मिलता है सिंचाई का लाभ

सिकासार जलाशय से गरियाबंद एवं धमतरी जिले के क्षेत्रों को सिंचाई का लाभ मिलता है। खरीफ सीजन में कुल 39,741 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की क्षमता है, जिसमें RBC से 27,495 हेक्टेयर और LBC से 12,246 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल है।वहीं रबी सीजन में कुल 33,995 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचाई से लाभान्वित होता है। इसमें RBC से 23,472 हेक्टेयर और LBC से 10,523 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल है।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

जलाशय में बढ़े जलस्तर और नदी-नालों में तेज बहाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों, पुल-पुलियों और जलाशय के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने को कहा है।

तेज बहाव वाले पानी में न नहाने और न उतरने, बच्चों, बुजुर्गों एवं पशुधन को जलाशय, नदी और नालों से दूर रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में आवाजाही से बचने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है। निचले और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा पानी से भरे मार्गों और पुल-पुलियों पर वाहन चलाने से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

Previous Post Next Post