72 घंटे से जारी बारिश के बाद बढ़ा नदी का जलस्तर, अमलीपदर के गुढ़ियारी गांव में मचा हड़कंप
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ जिले में पिछले करीब 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच अमलीपदर क्षेत्र के गुढ़ियारी गांव से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद दो युवक नदी के बीच फंस गए।
बताया जा रहा है कि बारिश के बाद नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिसके चलते दोनों युवक नदी के बीच ही फंस गए। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई और तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गरियाबंद नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। टीम का प्रयास है कि दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। नगर सेना रेस्क्यू टीम के सदस्य यशवंत साहू ने बताया कि उन्हें फोन और वीडियो के माध्यम से युवकों के नदी में फंसे होने की सूचना मिली है। टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो चुकी है और घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन किया जाएगा।
लगातार बारिश से बढ़ रहा खतरा
जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की जा रही है। गुढ़ियारी की घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर से पैदा होने वाले खतरे को सामने ला दिया है।
रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों युवकों की स्थिति और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

