नेशनल हाईवे बंद होने के बाद मोहरा मार्ग से देवभोग जा रही थी बस, सराईभदर के पास तेज बहाव में फंसी; पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
गरियाबंद_जिले में लगातार जारी मूसलाधार बारिश के बीच सराईभदर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 50 यात्रियों से भरी यात्री बस उफनते नाले के बीच फंस गई। नाले में करीब 4 फीट पानी और तेज बहाव के कारण बस में बैठे यात्रियों की जान आफत में पड़ गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और रस्सी के सहारे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हाईवे बंद होने पर बदला था रास्ता
बताया जा रहा है कि यात्री बस रायपुर से देवभोग जा रही थी। बारिश के कारण नेशनल हाईवे बंद होने के बाद बस को मोहरा मार्ग से देवभोग ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान सराईभदर के पास तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय बस पानी के बीच फंस गई।
पानी के बीच फंसी बस, यात्रियों में मची दहशत
नाले में पानी का बहाव तेज था और दोनों ओर करीब 4 फीट पानी होने की वजह से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बस के पानी में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस जवान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
रस्सी के सहारे एक-एक कर निकाले यात्री
मौके पर पहुंचे पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू किया। सुरक्षा के लिए रस्सी का सहारा लिया गया और एक-एक कर करीब 50 यात्रियों को बस से बाहर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया।
VIDEO में दिखी बाढ़ के बीच रेस्क्यू की तस्वीर
घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में बाढ़ के तेज बहाव के बीच बस और यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें नजर आ रही हैं। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में जलभराव और तेज बहाव वाले मार्गों पर आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है।




