लगातार बारिश से बढ़ा नदी का जलस्तर, मौके पर पहुंची नगर सेना की रेस्क्यू टीम; ग्रामीणों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_जिले में पिछले करीब 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच अमलीपदर क्षेत्र के गुढ़ियारी गांव में नदी का पानी बढ़ने से दो युवक नदी के बीच फंस गए। दोनों युवकों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गरियाबंद नगर सेना की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच चुकी थी, इसी दौरान ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को नदी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों के प्रयास से दोनों युवकों को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। नगर सेना की रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर मौजूद थी और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थी।
ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित निकले दोनों युवक
लगातार बारिश के कारण नदी का बहाव तेज था और जलस्तर भी बढ़ा हुआ था। ऐसे में नदी के बीच युवकों के फंसने की सूचना से गांव में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि समय रहते ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों के तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहने और पानी बढ़ने की स्थिति में नदी पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की जा रही है।


