देवभोग पुलिस की कार्रवाई, 85 पाउच में भरी थी कच्ची महुआ शराब; ₹4,250 की शराब जब्त
गरियाबंद_जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नया सवेरा अभियान” के तहत देवभोग पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम कोसमकानी के चार चौक के पास से एक युवक को 17 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को थाना देवभोग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोसमकानी चार चौक के पास एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
बोरी में मिले 85 पाउच
पुलिस टीम ने चार चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान रघुलाल यादव पिता हाथीराम यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमकानी, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद के रूप में हुई।
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से ओडिशा प्रांत की डबल लाल घोड़ा छाप कच्ची महुआ शराब के 85 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 17 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब ₹4,250 बताई गई है, पुलिस ने जब्त की।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी रघुलाल यादव के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

