Top News

एक स्कूल, तीन सफलता की कहानी! कोदोबेड़ा के 3 बच्चों ने नवोदय में लहराया परचम

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

देवभोग_कौन कहता है कि शासकीय स्कूलों में प्रतिभाओं की कमी होती है? प्रतिभा किसी बड़े मंच की मोहताज नहीं होती, सच्चा हीरा तो कोयले की खान में भी अपनी चमक बिखेर देता है। इस कहावत को चरितार्थ किया है विकासखंड देवभोग के ग्राम कोदोबेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के छात्र-छात्राओं ने।

विद्यालय के तीन विद्यार्थियों-देवाशीष पात्र, कुमारी अनिता पात्र और कुमारी पुष्पांजली भोई-का वर्ष 2026 में नवोदय विद्यालय के लिए चयन हुआ है। एक ही विद्यालय से तीन विद्यार्थियों का चयन होना गांव और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत के साथ विद्यालय के प्रधान पाठक श्री अनिल कुमार सिन्हा एवं शिक्षक श्री सुभाष कुमार सोनी और श्री मंगल राम बिसी के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा पालकों के सहयोग से विद्यालय के विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रतिवर्ष नवोदय विद्यालय में चयनित हो रहे हैं।

छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर कोदोबेड़ा के ग्रामीणों, पालकों एवं शिक्षा समिति ने खुशी जताते हुए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शोभाचंद्र पात्र, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा गरियाबंद, शिक्षा समिति अध्यक्ष पेनाचंद पात्र सहित ग्रामीणों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

गांव के सरकारी स्कूल से निकली नवोदय की राह

तीन विद्यार्थियों के चयन ने यह साबित कर दिया कि सुविधाएं सीमित हो सकती हैं, लेकिन मेहनत, लगन और अच्छे मार्गदर्शन से सफलता की कोई सीमा नहीं होती। कोदोबेड़ा का यह शासकीय विद्यालय क्षेत्र के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आया है।

Previous Post Next Post