डीएसपी गोपाल वैश्य का अनूठा अंदाज बना आकर्षण का केंद्र, हजारों सैलानियों को बताए UPI और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों के बीच गरियाबंद पुलिस ने साइबर जागरूकता को लोगों तक पहुंचाने का अनोखा तरीका अपनाया। छत्तीसगढ़ साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह के तहत रविवार को जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों भूतेश्वरनाथ और चिंगरापगार जलप्रपात में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां डीएसपी गोपाल वैश्य ने गीत, संवाद और मनोरंजक अंदाज के जरिए हजारों पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए।
जब गीतों में समझाई साइबर ठगी की कहानी
कार्यक्रम में डीएसपी गोपाल वैश्य ने आम बोलचाल की भाषा और वास्तविक घटनाओं के उदाहरणों के साथ लोगों को समझाया कि साइबर ठग किस तरह लालच, डर और झांसे का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खाते तक पहुंचते हैं। गीतों के जरिए दिए गए संदेश ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया और साइबर सुरक्षा की जानकारी को मनोरंजक तरीके से लोगों तक पहुंचाया।
UPI इस्तेमाल करते हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें। लॉटरी, इनाम, कैशबैक या अन्य किसी लालच में आकर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
OTP बताया तो समझिए खतरे की घंटी
बैंक अधिकारी बनकर आने वाले फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि OTP, ATM PIN, बैंक पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी बरतें सावधानी
पुलिस ने अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने और सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी।
ठगी हो जाए तो देर नहीं, तुरंत 1930
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
एसपी बोले-सिर्फ तकनीक नहीं, सुरक्षित तकनीक जरूरी
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में तकनीक का इस्तेमाल करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसका सुरक्षित उपयोग करना भी है। गरियाबंद पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले से इतना जागरूक करना है कि वे साइबर ठगी का शिकार ही न बनें। पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दे रहे हैं।भूतेश्वरनाथ और चिंगरापगार में गीतों के जरिए दिया गया यह संदेश साफ था-साइबर ठगों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है जागरूकता और थोड़ी सी सावधानी।


