गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को झाखरपारा मंडल में पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मंडल के अंतर्गत 10 शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं ने 47वें स्थापना दिवस पर सक्रिय भागीदारी निभाते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर जिला से नियुक्त झाखरपारा मंडल प्रभारी डॉ मनीष सिन्हा, सह प्रभारी डॉ योगीराज माखन कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्षों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।जिला से नियुक्त झाखरपारा मंडल प्रभारी डॉ मनीष सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और तब से पार्टी निरंतर राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों में अग्रणी रही है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्चा राष्ट्रभक्त बताते हुए उनके एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल के सह प्रभारी डॉ योगीराज माखन कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया और कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने सभी से गांव, गली और चौराहों पर गोष्ठियां आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने की अपील की।
प्रदेश एवं जिला भाजपा संगठन के निर्देशानुसार इस अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रभारी एवं सह प्रभारी की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने पार्टी का ध्वज फहराकर राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति अपने समर्पण का संकल्प पुनः दोहराया।













