Top News

गरियाबंद में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन: ओड गांव में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को सामग्री वितरण व जागरूकता संदेश

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद _जिला गरियाबंद के ग्राम ओड में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 65वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बटालियन कमांडेंट राधे श्याम सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि उप कमांडेंट सुधेंदर सिंह की उपस्थिति में इसका शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ओड एवं अममौरा के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को सिलाई मशीन, सोलर लैंप, साड़ी, खेती के उपकरण जैसे फावड़ा, गैंती सहित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री भी प्रदान कर राहत पहुंचाई गई।

आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कमांडेंट सुधेंदर सिंह ने ग्रामीणों को अवैध एवं पारंपरिक झूम (डोबरा) खेती से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी और इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश देते हुए समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने नक्सल गतिविधियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए भयमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि सीआरपीएफ एवं स्थानीय प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सिविक एक्शन कार्यक्रम सुरक्षा बल और स्थानीय जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र में शांति, विकास और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट राजीव रत्न, निरीक्षक खुर्शीद अहमद, राम सिंह, ग्राम सरपंच ओड, सरपंच अममौरा अर्जुन सिंह सोरी, जिला गरियाबंद के शासकीय चिकित्सक, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं सीआरपीएफ के जवान उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post