गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
तोता पकड़ने पेड़ पर चढ़े युवक की दर्दनाक मौत पैर फिसलने से सिर के बल नीचे गिरा, अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
मैनपुर। विकासखंड मुख्यालय मैनपुर के राजपड़ाव क्षेत्र अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम भूतबेड़ा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक युवक की तोता पकड़ने के दौरान पेड़ से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर ग्राम भूतबेड़ा निवासी लिकेश कुमार नेताम (उम्र लगभग 23 वर्ष), पिता कैलाश नेताम, रविवार सुबह करीब 8 बजे तोता पकड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे में युवक के सिर और कान से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद शव को मैनपुर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।










