IMG-20251013-WA0049

गरियाबंद आत्मानंद स्कूल विवाद में बड़ा प्रशासनिक एक्शन, छात्रों के विरोध के बाद प्राचार्य तत्काल हटाई गईं

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद _गरियाबंद के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने बड़ा और त्वरित कदम उठाया है। छात्रों के उग्र प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्कूल की प्राचार्य वंदना पांडेय को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की पुष्टि की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी, गरियाबंद द्वारा जारी आदेश (क्रमांक 869/स्था.01/पदस्थापना/2025-26) में पूर्व में जारी बहाली आदेश को निरस्त करते हुए प्राचार्य को आगामी आदेश तक अन्यत्र पदस्थ करने का उल्लेख किया गया है। आदेश की प्रति संबंधित विभागों को भी भेजी गई है।

प्राचार्य की बहाली के बाद स्कूल में असंतोष का माहौल बन गया था। सैकड़ों छात्र करीब 2 किलोमीटर पैदल मार्च कर गरियाबंद कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छात्रों ने प्राचार्य पर व्यवहार, कार्यप्रणाली, इंटर्नशिप राशि में कथित कट-मनी और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

विरोध तेज होने और शिक्षकों में भी असंतोष की खबरों को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित निर्णय लेते हुए प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश जारी किया।

फिलहाल स्कूल में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, वहीं शिक्षा विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच प्रक्रिया जारी है।