गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
अमलीपदर में आज कांग्रेस परिवार में उत्साह चरम पर रहा। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के स्वागत में ऐसा जोश देखने को मिला मानो संगठन ने वर्षों बाद किसी योग्य कर्मठ कार्यकर्ता को उसका हक लौटाया हो। आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और विशाल जुलूस के साथ कांग्रेसजनों ने जिला अध्यक्ष को अमलीपदर संगठन मुख्यालय तक पहुँचाया, जहाँ माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील रहा।
संगठन सृजन’ फॉर्मूले की बड़ी सफलता — बिन्द्रानवागढ़ के नेता को पहली बार जिला की कमान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह नियुक्ति साबित करती है कि इस बार हाई-प्रोफाइल सिफारिशें और दबदबे नहीं चले। संगठन ने योग्यता, निष्ठा और जमीनी काम का सम्मान किया है। लंबे समय बाद ऐसा हुआ जब बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र के किसी नेता को जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली।
भव्य स्वागत ने बनाया ऐतिहासिक क्षण
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर के नेतृत्व और ब्लॉक अध्यक्ष ललिता यादव की अगुवानी में कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं, जयघोष और पटाखों के बीच जिला अध्यक्ष का अभूतपूर्व स्वागत किया। मंच तक का उनका सफर पूरे रास्ते अत्यधिक उत्साह और समर्थन से भरा रहा।
जिला अध्यक्ष का संबोधन-"जिम्मेदारी बड़ी है, लेकिन संगठन का भरोसा सबसे बड़ा"
मंच पर संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा—“यह केवल पद नहीं, बल्कि संगठन का मुझ पर विश्वास है। इस जिम्मेदारी के निर्वहन में सभी की सहभागिता जरूरी होगी। सरकार की विफलताओं को उजागर करना और संगठन को मजबूत बनाना हमारी प्राथमिकता रहेगी।”
वरिष्ठ नेताओं का बयान-‘जैसा नाम, वैसा काम’
मंच संचालन कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं श्रवण सतपथी, दामु सोरी, सेवन पुजारी, उमेश पटेल, उत्तम श्रीवास और गोवर्धन ताम्रकार ने कहा कि—“संगठन सृजन लागू होने के बाद कांग्रेस का ढाँचा पारदर्शी और मजबूत बना है। योग्य कार्यकर्ताओं की मेहनत का अब वास्तविक आंकलन हो रहा है। यह नियुक्ति कार्यकर्ताओं में नया विश्वास पैदा करती है।”
कार्यकर्ताओं में उत्साह — ‘अब मेहनत का मिल रहा सही सम्मान’
समर्थकों ने उत्साहित होकर कहा कि इस बार न किसी नेता की सिफारिश चली, न किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव। यह सौ प्रतिशत मेहनत, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता की जीत है।
कार्यकर्ताओं का कहना है—“अब हर कांग्रेस कार्यकर्ता जान गया है कि संगठन उसकी मेहनत देख रहा है। यही भरोसा भविष्य में संगठन को और मजबूत करेगा।”













