गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गरियाबंद पुलिस ने सराहनीय पहल की है। वरिष्ट अधिकारियों के मार्गदर्शन में 12 नवम्बर 2025 को पुलिस लाइन गरियाबंद में सड़क सुरक्षा मितानों की बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम में दी गई प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग
बैठक के दौरान एसडीओपी निशा सिन्हा, जिला अस्पताल के डॉ. वी.बी. अग्रवाल एवं डॉ. मनमोहन ठाकुर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को प्राथमिक उपचार देने के तरीकों की जानकारी साझा की। मितानों को बताया गया कि गोल्डन ऑवर (दुर्घटना के पहले एक घंटे) में सही कदम उठाने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
‘‘राहवीर योजना’’ से कराया गया अवगत
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा मितानों को शासन द्वारा संचालित ‘‘राहवीर योजना’’ के बारे में बताया गया।इस योजना के तहत, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नेक नागरिकों को 25,000 रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। पुलिस अधिकारियों ने मितानों से अपील की कि वे सड़क दुर्घटनाओं के समय तुरंत मदद करें और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
मितानों को बैच और सुरक्षा किट वितरित
कार्यक्रम में सभी सड़क सुरक्षा मितानों को सुरक्षा मितान बैच लगाकर किट प्रदान की गई। साथ ही, उन्हें सड़क दुर्घटना की स्थिति में मानवीय संवेदना के साथ त्वरित मदद करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
जनजागरूकता का संदेश
गरियाबंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे राहवीर योजना की जानकारी अपने आसपास फैलाएं और दुर्घटनाओं के समय घायलों की मदद करने में आगे आएं। इस अवसर पर यातायात प्रभारी एवं टीम का विशेष योगदान रहा।













