गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_धान खरीदी में लापरवाही और अनिवार्य सेवाओं से अनुपस्थित रहने पर जिले में विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 15 नवम्बर से शुरू हुई धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले दो कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी दी कि धवलपुर समिति के डाटा एन्ट्री ऑपरेटर श्री ऋषिकांत मोहरे धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण और अनिवार्य कार्य के दौरान हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने के लिए कई अवसर दिए जाने के बाद भी वे उपस्थित नहीं हुए। इस कारण आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित धवलपुर (पं.क्र. 1660) के प्राधिकृत अधिकारी द्वारा उनकी सेवा समाप्त कर दी गई।
इसी तरह आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मुड़गेलमाल (पं.क्र. 55) के प्रभारी प्रबंधक श्री शिवकुमार सिन्हा को भी सेवा नियमों के उल्लंघन एवं कार्य में गंभीर लापरवाही के आधार पर प्राधिकृत अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक किया गया है।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने यह सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










