Top News

जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी दबिश, 6 जुआरी गिरफ्तार; ₹62,500 नगद समेत मोबाइल और वाहन जब्त

बम्हनदेही जंगल में ताश पर लग रहा था रुपयों का दांव, फिंगेश्वर पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ जिले में अवैध जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत फिंगेश्वर थाना पुलिस और साइबर टीम ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बम्हनदेही जंगल में दबिश देकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹62,500 नगद, ताश की 52 पत्तियां, 6 मोबाइल फोन और 4 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा जुए का फड़

पुलिस के मुताबिक, फिंगेश्वर थाना पुलिस एवं साइबर टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनदेही जंगल में कुछ लोग एक स्थान पर बैठकर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने मौके से 6 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी और मौके की कार्रवाई के दौरान जुए में लगाई गई नगद रकम सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

₹62,500 नगद और 6 मोबाइल जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 62 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश, एक नीले रंग का प्लास्टिक नीपाल, 6 मोबाइल फोन और 4 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री को प्रकरण में शामिल करते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

महासमुंद, रायपुर और गरियाबंद के रहने वाले आरोपी

पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महासमुंद, रायपुर और गरियाबंद जिले के लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन यादव (48), लोकनाथ साहू (43), मन्नू साहू (34), नोहर साहू (38), टेकराम सिन्हा (26) और परस राम सिन्हा (42) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मोहन यादव ग्राम बम्हनी थाना व जिला महासमुंद, लोकनाथ साहू नयारायपुर सेक्टर-30 थाना राखी जिला रायपुर, मन्नू साहू ग्राम केंद्री थाना अभनपुर जिला रायपुर, नोहर साहू ग्राम बकसरा थाना अभनपुर जिला रायपुर, टेकराम सिन्हा ग्राम बेलटुकरी थाना राजिम जिला गरियाबंद और परस राम सिन्हा ग्राम भलेसर थाना व जिला महासमुंद का निवासी है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

फिंगेश्वर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Previous Post Next Post