SIR को लेकर चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का हवाला देकर कांग्रेस पर साधा निशाना, संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने का लगाया आरोप
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के तीनों आयुक्तों के SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर दिए गए संयुक्त बयान के बाद गरियाबंद में भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण से SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने राहुल गांधी से चुनाव आयोग और देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
SIR को लेकर आयोग के बयान का दिया हवाला
अनिल चंद्राकर ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के संचालन वाली संवैधानिक संस्था है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि किसी भी संवैधानिक संस्था पर आरोप लगाने से पहले तथ्यों और आधिकारिक स्पष्टीकरण को देखा जाना चाहिए।
कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से आरोपों की राजनीति से आगे बढ़कर तथ्यों का सम्मान करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है और राजनीतिक दलों एवं नेताओं को संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से पहले उपलब्ध तथ्यों को गंभीरता से देखना चाहिए।
राहुल गांधी से पूर्व आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग
अनिल चंद्राकर ने राहुल गांधी से उनके पूर्व आरोपों पर पुनर्विचार करने और देश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 के घोषणापत्र सहित कई मुद्दों को लेकर न्यायिक स्तर पर भी निर्णय सामने आ चुके हैं, इसके बावजूद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उसे राजनीतिक स्तर पर अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता, तो वह निर्वाचन आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान के बाद SIR को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर स्थिति और स्पष्ट हुई है।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, मंत्री सुरेंद्र सोनटेके और बिंद्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


