Top News

गरियाबंद के 1525 आंगनबाड़ी केंद्रों में लगेगा ‘आंगन मिलन सेवा’ का रंग, 6 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

माताओं, बच्चों और समुदाय से होगा सीधा संवाद; पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण पर जागरूकता के साथ प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह भी


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 1 हजार 525 आंगनबाड़ी केंद्रों में अब ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 6 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों को क्लस्टरवार विभाजित कर होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं, माताओं, बच्चों और समुदाय को आंगनबाड़ी गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

माताओं और समुदाय से होगा सीधा संवाद

जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने बताया कि कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों की हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों, मितानिनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के योगदान को सम्मानित भी किया जाएगा।

‘मेरी पौष्टिक थाली’ से समझाएंगे पोषण का महत्व

कार्यक्रम में समुदाय के सामने ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके जरिए संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं और बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजन बनाने की विधि का प्रदर्शन भी होगा। बच्चों के लिए मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फल एवं मिठाई वितरण तथा सामुदायिक सहभागिता से ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया जाएगा।

स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता से लेकर सम्मान तक

स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। स्वस्थ एवं सुपोषित शिशु और माता का सम्मान किया जाएगा। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और व्यंजन प्रतियोगिताएं भी होंगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों में बनेगी पोषण वाटिका

अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका के लिए पौधरोपण किया जाएगा। इसके साथ ही ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खिलौने और खेल सामग्री दान करने के लिए भी समुदाय से सहयोग की अपील की जाएगी।

योजनाओं की जानकारी और मौके पर पंजीयन

कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राही अपने अनुभव साझा करेंगे। पात्र महिलाओं का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

कार्यकर्ताओं को सम्मान, माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’

जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग स्वयं और बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग देकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।

Previous Post Next Post