Top News

जतमई धाम में अब ‘पुलिस मित्र’ रखेंगे नजर! पर्यटकों की सुरक्षा से लेकर हुड़दंगियों पर निगरानी तक, समिति सदस्यों को मिली खास जिम्मेदारी

AI जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
 
गरियाबंद_जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल जतमई धाम में पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को मजबूत करने गरियाबंद पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जतमई पर्यटन समिति के सदस्यों को ‘पुलिस मित्र’ बनाया गया है। समिति सदस्यों को ‘पुलिस मित्र’ लिखी टी-शर्ट और कैप भी वितरित की गई।
पुलिस मित्र पुलिस जवानों के साथ समन्वय बनाकर पर्यटकों की मदद करेंगे। खोए हुए बच्चों और बुजुर्गों की सहायता, पर्यटकों को सही मार्गदर्शन, जतमई जलप्रपात एवं ऊंचे चट्टानी क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए लोगों को सचेत करना और आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

इसके अलावा जतमई धाम में नशाखोरी, हुड़दंग और छेड़छाड़ जैसी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। त्योहारों और वीकेंड के दौरान बढ़ने वाले पर्यटकों की भीड़ में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने में भी पुलिस मित्र सहयोग करेंगे।

टी-शर्ट और कैप से पुलिस मित्रों की अलग पहचान बनेगी, जिससे पर्यटक किसी भी परेशानी में आसानी से उनसे संपर्क कर सकेंगे। पुलिस का कहना है कि इस पहल से जतमई धाम में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल माहौल बनाने में मदद मिलेगी। गरियाबंद पुलिस ने पर्यटकों और आम नागरिकों से पुलिस मित्रों एवं स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
Previous Post Next Post