Top News

एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता! गरियाबंद पुलिस का साइबर अलर्ट, UPI-PIN और OTP को लेकर लोगों को किया जागरूक


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क करने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के इस अभियान के दूसरे सप्ताह में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

23 से 29 अगस्त 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत जिले के बैंकों, एटीएम परिसरों, बैंकिंग सेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों में पहुंचकर खाताधारकों और आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं।

UPI PIN डालने से पहले रुकिए… कहीं ठगी तो नहीं?

गरियाबंद पुलिस ने लोगों को खास तौर पर UPI PIN, OTP, CVV और ATM PIN को लेकर सावधान किया है। पुलिस ने बताया कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN दर्ज करने की जरूरत नहीं होती। ठग अक्सर बैंक अधिकारी, बिजली विभाग या अन्य संस्थाओं का कर्मचारी बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।

लॉटरी और इनाम के नाम पर आने वाले लिंक से रहें सावधान

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लॉटरी, इनाम, KYC अपडेट या बिजली बिल के नाम पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। अनजान कॉल करने वालों के साथ बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से भी बचें।

ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध में समय बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराए।

गरियाबंद पुलिस का संदेश साफ है-साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है। छोटी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकती है।

Previous Post Next Post