अवैध प्रवासियों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए चलाया गया विशेष अभियान, पुलिस ने लोगों से भी सत्यापन कराने की अपील की...

थाना प्रभारी द्वारा जांच करते हुए
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
देवभोग_ जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में अवैध प्रवासियों, बाहरी फेरीवालों एवं किरायेदारों के सत्यापन का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना देवभोग पुलिस ने पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों से आए फेरीवालों तथा किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने सत्यापन के दौरान संबंधित व्यक्तियों के आधार कार्ड का एम-आधार ऐप के माध्यम से मिलान किया। इसके अलावा उनके ऑनलाइन लेन-देन, मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप कॉल हिस्ट्री की भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी अंतरराष्ट्रीय नंबर या संदिग्ध गतिविधि से उनका कोई संपर्क तो नहीं है।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी व्यक्तियों के दस्तावेजों का थाना स्तर पर मिलान किया गया तथा नेफिस प्रणाली में उनके बायोमेट्रिक और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए गए।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, मकान मालिकों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति, किरायेदार या फेरीवाला रह रहा हो या कार्य कर रहा हो, तो उसका सत्यापन निकटतम थाना में अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें।

