गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत शुक्रवार को देवभोग विकासखंड के ग्राम माडागांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया। एक ओर प्रशासन ने शिविर के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और ग्रामीणों की नाराजगी भी खुलकर सामने आई।
400 से अधिक आवेदन, कई मामलों का मौके पर समाधान
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांग लेकर पहुंचे। आवास योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड नवीनीकरण, आधार कार्ड सुधार, नाली निर्माण, सड़क एवं पुलिया निर्माण, नल कनेक्शन तथा राजस्व मामलों सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन द्वारा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
शहीद भीष्म कुमार यदु को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के अमर शहीद को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष , जिला पंचायत सीईओ एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शहीद के पिता श्री नंदोलाल यदु का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को याद किया गया।
योजनाओं से हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया। मछली पालन विभाग ने जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह माडागांव एवं युवा मछुआ सहकारी समिति देवभोग के सदस्यों को जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए।
समाज कल्याण विभाग द्वारा दिवानमुंडा निवासी 70 वर्षीय पोड़ूराम को ट्राइसाइकिल तथा 19 वर्षीय दिव्यांग पूजा मरकाम को व्हीलचेयर प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पौष्टिक आहार सामग्री एवं उपहार दिए, वहीं एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी मंच से सम्मानित किया गया। सेजेस स्कूल झाखरपारा की छात्रा कुमारी कमला मरकाम को 10वीं बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला कोड़ोबेड़ा के छात्र देव आशीष पात्रा के पाण्डुका नवोदय विद्यालय में चयन पर प्रशंसा की गई।
शहीद भीष्म कुमार यदु शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माडागांव के प्राचार्य श्री मन्नूराम सांडिल्य को विद्यालय का 10वीं एवं 12वीं का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम तथा सभी विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया।
दूसरी तरफ फूटा सरपंचों और ग्रामीणों का गुस्सा
सुशासन तिहार के दूसरे दिन शिविर के समानांतर सरकारी व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी खुलकर सामने आई। देवभोग ब्लॉक के 53 सरपंचों ने माडागांव शिविर से दूरी बनाते हुए जनपद पंचायत मुख्यालय में धरना शुरू कर दिया।
सरपंचों का आरोप था कि पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं मिल रही है, जिससे गांवों में निर्माण कार्य बंद पड़े हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार मांग और आवेदन देने के बावजूद पंचायतों को काम नहीं दिया जा रहा।
धरने की सूचना मिलने पर जिला पंचायत सीईओ जनपद मुख्यालय पहुंचे और सरपंचों से चर्चा कर जल्द कार्य स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।
मंच से ही उठे सवाल, अधिकारियों पर लगे आरोप
मड़ागांव में आयोजित मंचीय कार्यक्रम भी फीका नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर कई कुर्सियां खाली दिखीं, वहीं मंच से भाजपा मंडल पदाधिकारियों से लेकर आम ग्रामीणों तक ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े किए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने किसानों से जुड़ी योजनाओं की निगरानी करने वाले एक विभागीय अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी नशे की हालत में किसानों से दुर्व्यवहार करता है। मंच से यह आरोप लगते ही कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों के बीच हलचल मच गई।
इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सड़क, पेयजल, आवास और राजस्व मामलों के लंबित रहने पर नाराजगी जाहिर की। कई ग्रामीणों ने कहा कि पहले के शिविरों में आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।
प्रशासन देता रहा सफाई
पूरा घटनाक्रम सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारी लगातार सफाई देते नजर आए। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश मामलों का निराकरण प्रक्रिया में है और शेष समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
शहीद भीष्म कुमार यदु हाई स्कूल माडागांव परिसर में आयोजित इस समाधान शिविर में क्षेत्र के 18 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहीरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















