IMG-20251013-WA0049

गरियाबंद में लुटेरों की खैर नहीं: 24 घंटे में पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी सलाखों के पीछे

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_सिटी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूट की इस घटना में कुल तीन आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 5 मार्च 2026 की रात लगभग 8 बजे अपने साथी के साथ ग्राम कोचबाय से मोटरसाइकिल से कोकड़ी स्थित मोबाइल दुकान में मोबाइल रिपेयर कराने गया था। मोबाइल बनवाने के बाद दोनों पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। रास्ते में ऑटो पार्ट्स दुकान के पास मोटरसाइकिल का साइड स्टैंड का स्प्रिंग निकल जाने के कारण वे गाड़ी ठीक कर रहे थे।

इसी दौरान डाकबंगला पारा निवासी फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों ने मिलकर लूट की नीयत से गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी और उसके साथी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों युवकों को डराकर उनके पास से पोको और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली गरियाबंद में धारा 296, 115(2), 3(5), 309 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों राजेश साहनी और नदू के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल (27 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 08 डाकबंगला गरियाबंद और राजेश साहनी (23 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 02 संतोषी मंदिर के पीछे गरियाबंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल तीसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी:

फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल (27 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 08 डाकबंगला, गरियाबंद

राजेश साहनी (23 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 02 संतोषी मंदिर के पीछे, गरियाबंद