गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में गांजा, हीरा और वन्य जीवों के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में थाना पाण्डुका पुलिस ने दो आरोपियों को जंगली बिल्ली के खाल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
थाना पाण्डुका को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टोईयामुडा मोड़ (NH-130C) के पास दो व्यक्ति थैले में जंगली जानवर का खाल रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बताए स्थान पर घेराबंदी की।
रेड कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा जो चबूतरे पर बैठे थे और उनके बीच एक पुराना रंगीन कपड़े का थैला रखा था।
पूछताछ में दोनों की पहचान हुई —
1️⃣ राकेश सौरा, पिता पीलाराम सौरा, उम्र 35 वर्ष, निवासी लखौली थाना आरंग जिला रायपुर
2️⃣ राकेश कुमार सौरा, पिता अमिताभ सौरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी लखौली थाना आरंग जिला रायपुर
थैले से बरामद हुई जंगली बिल्ली की खाल
जब पुलिस ने थैले की तलाशी ली तो उसमें वन्य प्राणी (जंगली बिल्ली) की खाल मिली। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खाल की खरीदी-बिक्री के वैध दस्तावेज पेश नहीं किए।
वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के कब्जे से खाल को जब्त कर उनके खिलाफ धारा 9, 2, 39, 44, 51, 52 वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।










