गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ पुलिस विभाग में कार्य के प्रति समर्पण और मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा “कॉप ऑफ द मंथ” कार्यक्रम के तहत माह सितंबर 2025 के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित हों।
इस पहल के तहत चयनित पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। थाना पांडुका के प्रधान आरक्षक क्रमांक 289 ओंकार साहू ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 41 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। वहीं, प्रधान आरक्षक क्रमांक 111 खिलेश्वर कश्यप, थाना देवभोग ने ऑपरेशन निश्चय के तहत 85 लीटर अवैध शराब के साथ चार आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा, आरक्षक क्रमांक 121 परमानंद साहू, थाना फिंगेश्वर ने 8 किलोग्राम गांजा और चाकू के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने में योगदान दिया। इसी तरह आरक्षक क्रमांक 747 कोमलदास घृतलहरे, थाना मैनपुर ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ घूम रहे नाचूं उर्फ फालेश्वर को पकड़कर अपनी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
इस माह कुल चार पुलिस अधिकारी-कर्मचारी “कॉप ऑफ द मंथ” के रूप में चयनित हुए हैं। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर गरियाबंद पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान और प्रोत्साहन मिल सके। इससे पुलिस बल में कार्य के प्रति उत्साह, जिम्मेदारी और सेवा भावना को नई दिशा मिलेगी।












