Top News

शिक्षकों की 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व शिक्षक संघ ने DEO को सौंपा ज्ञापन

पदोन्नति, वरिष्ठता सूची, जनगणना अवकाश और शिक्षक गौरव सम्मान समेत कई मुद्दे उठाए, जल्द निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

सर्व शिक्षक संघ ने DEO को ज्ञापन सौंपते हुए 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_जिले के शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर सर्व शिक्षक संघ जिला गरियाबंद ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।

वरिष्ठता सूची अटकी, पदोन्नति का इंतजार

संघ ने सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग की अंतिम वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि अंतरिम वरिष्ठता सूची जारी कर दावा-आपत्ति एवं प्रतिवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन करीब दो माह बीतने के बाद भी अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं हुई है।

संघ का कहना है कि अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद ही पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। ऐसे में वरिष्ठता सूची के प्रकाशन में देरी से शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।

प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति कब?

शिक्षकों ने प्रधान पाठक पद पर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने की मांग की। संघ के अनुसार गरियाबंद जिले में यह प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जबकि प्रदेश के कई अन्य जिलों में प्रधान पाठक पदों की पदोन्नति सूची जारी हो चुकी है। संघ ने रिक्त पदों पर पदोन्नति कर शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।

शिक्षक गौरव अलंकरण सम्मान भी लंबित

ज्ञापन में मुख्यमंत्री शिक्षक गौरव अलंकरण सम्मान समारोह वर्ष 2025 का आयोजन गरियाबंद में शीघ्र कराने की मांग की गई। संघ के अनुसार विकासखंडों से सम्मान के लिए प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक सम्मान समारोह आयोजित नहीं हुआ है। संघ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्यक्रम कराने की मांग की है।

विभागीय परीक्षा की अनुमति समय पर देने की मांग

शिक्षकों ने विभागीय परीक्षा के लिए समय पर अनुमति नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। संघ का कहना है कि कई बार अनुमति की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने से शिक्षक विभागीय परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं। संघ ने मांग की कि विभागीय परीक्षा की अनुमति के लिए आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित बीईओ कार्यालयों को समय-सीमा में अनुमति देने के निर्देश दिए जाएं।

सेवा पुस्तिका में योग्यता का इंद्राज नहीं

संघ ने सेवा पुस्तिका में अर्जित शैक्षणिक योग्यता के इंद्राज का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि कई शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में उनकी अर्जित शैक्षणिक योग्यताओं का नियमानुसार संधारण नहीं हो रहा है। संघ ने बीईओ कार्यालयों को सेवा पुस्तिका के संधारण और शैक्षणिक योग्यता के इंद्राज की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश देने की मांग की।

जनगणना ड्यूटी का अवकाश भी दर्ज हो

शिक्षकों ने जनगणना कार्य करने वाले शिक्षकों के अर्जित अवकाश का सेवा पुस्तिका में इंद्राज करने की मांग को भी प्रमुखता से रखा।

संघ के अनुसार शासन के निर्देशानुसार जनगणना कार्य करने वाले शिक्षकों को देय अर्जित अवकाश प्रदान कर उसका सेवा पुस्तिका में विधिवत संधारण किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की गई।

एकल शिक्षकीय स्कूलों में स्थायी व्यवस्था की मांग

संघ ने एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों की वरिष्ठता के आधार पर स्थायी पदस्थापना करने की मांग की। साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सेवा प्रदाता शिक्षकों की व्यवस्था करने की भी मांग रखी गई। संघ का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण कई विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी

सर्व शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से इन समस्याओं के निराकरण की मांग कर रहे हैं। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से सभी बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर गरियाबंद, संचालक लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर एवं संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग रायपुर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।

Previous Post Next Post