Top News

मेकाहारा में डीएम कार्डियोलॉजी सीट पर सीएम का आभार,अमलीपदर कॉलेज,छात्रावास और कांदा डोंगर पर्यटन विकास की मांग

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (मेकाहारा) रायपुर में डीएम कार्डियोलॉजी की सीट स्वीकृत किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान प्रदेश सरकार के इस निर्णय को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डीएम कार्डियोलॉजी की सीट स्वीकृत होने से प्रदेश में हृदय रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर हृदय रोगियों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं जिला मंत्री डॉ. मनीष सिन्हा ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई जनहित की मांगें प्रमुखता से रखीं। उन्होंने अमलीपदर क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना तथा अमलीपदर एवं देवभोग में पोस्ट मैट्रिक आदिवासी छात्रावास की स्वीकृति की मांग की, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।

इसके साथ ही डॉ. सिन्हा ने क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कांदा डोंगर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा मैनपुर क्षेत्र स्थित महानदी (पेरी) उद्गम स्थल के संरक्षण और उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का भी प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र की इन जनहित से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल होगी, जिससे बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र में शिक्षा, पर्यटन और विकास को नई दिशा मिलेगी।

Previous Post Next Post