गांधी चौक से तिरंगा चौक तक निकली विरोध रैली, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर जमकर की नारेबाजी: प्रशासन को करनी पड़ी मशक्कत
गरियाबंद_धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही गरियाबंद जिले में सहकारी समितियों के कंप्यूटर ऑपरेटरों का विरोध प्रदर्शन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जिले की सहकारी समितियों में कार्यरत सभी 97 कंप्यूटर ऑपरेटर आज अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी समझाइश के बाद किसी तरह प्रदर्शनकारी शांत हुए।
दरअसल, विवाद की शुरुआत 9 अक्टूबर को सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा जारी किए गए एक आदेश से हुई। इस आदेश के तहत जिलेभर की सहकारी समितियों में कार्यरत 97 कंप्यूटर ऑपरेटरों की पदस्थापना उनकी मूल संस्था से हटाकर अन्यत्र कर दी गई। ऑपरेटर यूनियन इस आदेश को सहकारिता नियमों के विपरीत और अव्यावहारिक बता रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पहले से ही अल्प वेतन मिलता है। ऐसे में मूल पदस्थापना स्थल से दूर दूसरे धान खरीदी केंद्रों में ड्यूटी लगाए जाने से उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। आने-जाने में समय और पैसे दोनों खर्च होंगे। वहीं महिला कर्मचारियों को भी दूरस्थ स्थानों पर कार्य करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
कलेक्टर से मुलाकात के बाद भी नहीं निकला समाधान_
ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने इससे पहले अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। लेकिन कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद नाराज ऑपरेटरों ने आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।
धान खरीदी का सीजन नजदीक है और ऐसे समय में जिले के 97 कंप्यूटर ऑपरेटरों का एक साथ आंदोलन पर उतरना खरीदी व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है और धान खरीदी शुरू होने से पहले इस विवाद का समाधान निकल पाता है या नहीं।





