मादा लंगूर के शिकार के मामले में वन विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई, 13.800 किलो मांस समेत हथियार और बाइक जब्त

Ai जनरेट फोटो
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
फरार चल रहे चार आरोपियों को रेंजर केजूराम कोरचे ने ओडिशा जाकर पकड़ा, एसडीओ जे.पी. दरों ने न्यायालय में पैरवी कर दिलाई न्यायिक रिमांड
गरियाबंद_ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणियों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सामान्य लंगूर (बंदर) के अवैध शिकार के मामले में ओडिशा के रहने वाले कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वन विभाग की संयुक्त टीम ने इस मामले में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि फरार चल रहे अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
आरक्षित वन क्षेत्र में दो मादा लंगूर का किया था शिकार
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को वन परिक्षेत्र तौरेंगा अंतर्गत परिसर गरीबा के आरक्षित वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक 1200 में दो मादा लंगूर का अवैध शिकार किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से वन्यप्राणी लंगूर का 13.800 किलोग्राम कच्चा मांस जब्त किया। इसके अलावा शिकार में इस्तेमाल की गई एक कुल्हाड़ी, चार छुरी, एक पनसुल, चार पीले थैले और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG04MF3970 भी जब्त की गई।
पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, फिर ओडिशा से पकड़े गए चार फरार आरोपी
इस मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को 26 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गरियाबंद के न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल दाखिल कराया गया। वहीं, मामले में फरार चल रहे चार अन्य सह-आरोपियों की तलाश जारी थी। रेंजर केजूराम कोरचे ने ओडिशा पहुंचकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद 17 नवंबर 2026 को सभी चार आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गरियाबंद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 32, 39, 49, 50, 51 एवं 52 के तहत वन अपराध दर्ज किया है। मामले में एसडीओ जे.पी. दरों ने स्वयं माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर पक्ष रखा और आरोपियों की न्यायिक रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ओडिशा के नबरंगपुर जिले के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार सभी सात आरोपी ग्राम कबाटपानी, ग्राम पंचायत मुंडीबेड़ा, पोस्ट गोना, थाना एवं तहसील रायघर, जिला नबरंगपुर (ओडिशा) के निवासी हैं। इनमें भुशा (50 वर्ष), बनमाली सांता (51 वर्ष), सोलन्दर (26 वर्ष), लालु सांता (54 वर्ष), किशोर उर्फ केशर सांता (34 वर्ष), राजू उर्फ राधु सांता (38 वर्ष) और केन्दु उर्फ बांदे सांता (37 वर्ष) शामिल हैं।
उपरोक्त विभागीय कार्यवाही में केजूराम कोरचे, वनक्षेत्रपाल, परिक्षेत्र अधिकारी तौरेंगा बफर,गौरीशंकर भोई उपवनक्षेत्रपाल, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गाजीमुड़ा, पुरूषोत्तम वनरक्षक एवं अन्य वन कर्मचारियों व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यप्राणियों के अवैध शिकार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


