गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_श्रावण मास के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर देवभोग में हाई स्कूल स्तर पर अध्ययनरत 50 से अधिक छात्राओं को देवभोग स्थित महाकाल मंदिर ले जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कराया गया। छात्राएं रैली की शक्ल में मंदिर परिसर पहुंचीं। इस दौरान शिव भजनों और बैंड की धुन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।
मंदिर पहुंचने के बाद छात्राओं ने बारी-बारी से भगवान महाकाल का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सरस्वती शिशु मंदिर देवभोग के प्रधानाचार्य मनोज रघुवंशी ने बताया कि विद्यालय की निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों के तहत यह आयोजन आध्यात्मिक शिक्षा और बालिका शिक्षा का हिस्सा था। छात्राओं को श्रावण मास, जलाभिषेक के महत्व के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।



