विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के व्याख्याता शिक्षकों की हुई विषयवार समीक्षा बैठक, गौरव गरियाबंद के नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर रहे मौजूद: DEO और BEO ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए किया प्रेरित
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
देवभोग_शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने और परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के उद्देश्य से 18 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद द्वारा देवभोग में विषयवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस) देवभोग में आयोजित इस बैठक में देवभोग विकासखंड के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय का अध्यापन कराने वाले व्याख्याता एवं शिक्षक शामिल हुए। व्याख्याता प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक में गौरव गरियाबंद के नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर भी उपस्थित रहे।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तिमाही परीक्षा परिणामों की विषयवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम की स्थिति तथा शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों से विषयवार परिणामों की जानकारी लेकर आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी व्याख्याताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने, विषयवार अध्ययन की रणनीति बनाने तथा परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
तीन स्कूलों का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद_
समीक्षा बैठक के पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलांबर कश्यप ने देवभोग विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सेजेस हिंदी माध्यम देवभोग, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल देवभोग तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मुंगझर पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए आगामी अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं को लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को परीक्षा की तैयारी के लिए अभी से नियमित अध्ययन करने, समय का सही प्रबंधन करने और प्रत्येक विषय को गंभीरता से पढ़ने की सलाह दी। साथ ही विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होकर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलांबर कश्यप ने भी विद्यार्थियों को अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को समय रहते परीक्षा की तैयारी में जुटने, नियमित रूप से पढ़ाई करने और सभी विषयों का व्यवस्थित ढंग से अभ्यास करने की समझाइश दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा में अच्छे परिणाम के लिए लगातार मेहनत और तैयारी जरूरी है, इसलिए अभी से अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों। शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य तिमाही परीक्षा परिणामों के आधार पर शैक्षणिक कमियों को चिन्हित कर समय रहते उनमें सुधार करना तथा विद्यार्थियों को आगामी अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना है।





