Top News

अवैध रेत उत्खनन पर कलेक्टर सख्त, पकड़े गए वाहन तीन माह तक नहीं होंगे मुक्त: धान खरीदी में लापरवाही पर भी होगी कार्रवाई

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, अवैध रेत और धान परिवहन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

AI जनरेट फोटो 

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

20 नवंबर को इंडोर स्टेडियम में होगा युवा उत्सव, तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

गरियाबंद_जिले में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर अब प्रशासन सख्ती बरतने की तैयारी में है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त करने के बाद नियमानुसार तीन माह तक मुक्त नहीं किया जाए। साथ ही ऐसे मामलों में शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने यह निर्देश मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में दिए।

अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर

बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार और खनिज विभाग के अधिकारियों को जिले में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और रेत के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जाए।

धान खरीदी में किसानों को न हो परेशानी

कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी खरीदी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि खरीदी के दौरान किसी तरह की त्रुटि या विवाद की स्थिति निर्मित न हो।

उन्होंने अवैध धान परिवहन, भंडारण, कोचियों और अन्य राज्यों से आने वाले धान पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। इसके साथ ही किसानों को फसल कटाई के बाद पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक करने तथा जरूरत से अधिक पराली रखने वाले किसानों को गौशालाओं में दान करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और सेवा संकल्प अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। डायवर्सन के लंबित मामलों, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम की स्वीकृति से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

वहीं उसरीजोर से कमारपारा तक सड़क निर्माण में सामने आई अनियमितता के संबंध में जांच दल गठित कर आवश्यक जांच कराने को कहा।

राशन दुकानों को एक सप्ताह की मोहलत

बैठक में राशन कार्डों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए। जिन उचित मूल्य दुकानों से राशि की रिकवरी की जानी है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर राशि जमा कराने को कहा गया। निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने कार्यक्रम, शासकीय योजनाओं, सेवा सेतु पोर्टल, प्रेस सेवा पोर्टल और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की।

20 नवंबर को होगा युवा उत्सव

कलेक्टर ने 20 नवंबर 2026 को इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले युवा उत्सव की तैयारियां बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्थानीय निर्वाचन की तैयारियों, विधानसभा सत्र और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर भी जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Previous Post Next Post