गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा-2024 में गरियाबंद जिले के युवाओं ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया है। जिले के 5 से अधिक प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों के विभिन्न पदों पर चयनित होने पर जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती आर. संगीता एवं कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने चयनित अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर युवाओं का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
सम्मानित चयनित अभ्यर्थी—
डीएसपी हर्षवर्धन शर्मा
डीएसपी आलोक मरकाम
सहायक संचालक तुलेश बरिहा
सहायक अधीनस्थ लेखापरीक्षक गौरव कुमार सोनी
सीटीआई प्रशांत साहू
प्रभारी सचिव एवं कलेक्टर ने युवाओं से उनकी तैयारी, संघर्ष और आगामी जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि जिले के गांव-गांव से ऐसी प्रतिभाएं निकलना प्रेरणादायक है। उन्होंने चयनित उम्मीदवारों से जिले के अन्य युवाओं को भी मार्गदर्शन देने का आग्रह किया, ताकि वे भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा सकें।
अधिकारियों ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने उन्हें सिविल सेवा जैसी बड़े स्तर की परीक्षाओं की ओर भी निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री शशिगानंदन के., जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार चंद्राकर सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।










