गजानंद कश्यप गरियाबंद
गिरसुल पंचायत में मितानिन दिवस में मितानिनों का हुआ सम्मान
देवभोग_मितानिन दिवस पर ग्राम पंचायत गिरसुल में गांव की मितानिनों को श्रीफल व साड़ी देकर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच मैना बाई मांझी भी मौजूद रहीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मितानिनों का कार्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। उनके द्वारा बच्चों को टीका लगने से लेकर,गर्भवती महिलाओं की देखरेख करना, अस्पताल ले जाना,जच्चा-बच्चा को स्वस्थ रखने के लिए पोषण आहार संबंधी जानकारी देने का काम जिम्मेदारी से किया जाता है।
उपसरपंच तोषण यादव ने कहा छत्तीसगढ़ प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब तक जितनी भी उपलब्धियां रही हैं, उनके पीछे महत्वपूर्ण श्रेय मितानिन कार्यक्रम को जाता है। मितानिनों के निस्वार्थ सेवा और मेहनत के फलस्वरुप ही मितानिन कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण का देश में सबसे शानदार उदाहरण है। इस मौके पर सरपंच मैना बाई मांझी, उपसरपंच तोषण यादव,ग्राम पंचायत सचिव मधु नागेश,भुवेंद्र मांझी,लक्ष्मी डोंगरे मितानिन प्रशिक्षिका एवं समस्त मितानिन उपस्थित रहे।











